Festival Season Online Shopping Safety : आज के समय में नया स्मार्टफोन खरीदने के लिए मार्केट के चक्कर काटने के बजाय लोग ऑनलाइन शॉपिंग करना ज्यादा पसंद करते हैं। Amazon और Flipkart जैसी ई-कॉमर्स वेबसाइट पर एक मोबाइल का दाम अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर आसानी से चेक किया जा सकता है। मगर, क्या आपने कभी इस बात पर गौर किया है कि जो फोन आपके मोबाइल में महंगा दिखाई देता है, वही आपके दोस्त के फोन में काफी सस्ता नजर आता है? इसके पीछे ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों का एक खास एल्गोरिदम और प्राइसिंग सिस्टम काम करता है, जिसे डायनेमिक प्राइसिंग कहा जाता है। आप भी ऑनलाइन खरीदारी करते वक्त अपने हजारों रुपये बचाना चाहते हैं तो नीचे दिए गए स्मार्ट ट्रिक्स और तरीकों को जरूर आजमाएं।
ऑनलाइन शॉपिंग में पैसे बचाने के स्मार्ट और आसान तरीके
इनकोग्निटो मोड (Incognito Mode) का करें इस्तेमाल : किसी भी फोन या गैजेट को बार-बार नॉर्मल ब्राउजर में सर्च करने के बजाय हमेशा प्राइवेट या इनकोग्निटो मोड में कीमत चेक करें। इससे आपकी पुरानी सर्च हिस्ट्री और कुकीज सेव नहीं होती हैं, जिससे कंपनियां आपकी सर्च के हिसाब से दाम बढ़ा नहीं पाती हैं।
कैश क्लियर करें और डिवाइस बदलें : आप किसी शॉपिंग ऐप से खरीदारी कर रहे हैं तो उसकी कैशे फाइलें क्लियर कर दाम दोबारा जांच लें। घर के किसी दूसरे सदस्य के फोन से भी कीमत चेक कर देख सकते हैं। वैसे, अलग-अलग डिवाइस पर कीमत में अंतर होने की पक्की गारंटी नहीं होती, लेकिन यह तरीका कई बार कारगर साबित होता है।
प्राइस ट्रैकर टूल की लें मदद : सेल या फेस्टिव सीजन के दौरान कई प्रोडक्ट पर भारी छूट का दावा किया जाता है। मगर, उसकी पुरानी कीमत जाने बिना असली बचत का पता लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में प्राइस ट्रैकर टूल्स और क्रोम एक्सटेंशन आपके बहुत काम आ सकते हैं। इनकी मदद से आप किसी भी फोन की पुरानी कीमतों का इतिहास और उसका प्राइस ग्राफ आसानी से देख सकते हैं।
प्राइस ड्रॉप अलर्ट सेट करें : कई काम के टूल्स में प्राइस ड्रॉप अलर्ट लगाने का शानदार ऑप्शन भी मिलता है। जैसे ही आपके मनपसंद फोन की कीमत कम होती है, आपके पास तुरंत नोटिफिकेशन आ जाता है।
तुरंत खरीदने से बचें, कार्ट में करें सेव : पसंद का मोबाइल या अन्य सामान दिखते ही उसे तुरंत खरीदने की जल्दबाजी न करें। प्रोडक्ट को कुछ समय के लिए शॉपिंग कार्ट में डालकर छोड़ दें। कई बार कंपनियां ग्राहक को लुभाने के लिए अतिरिक्त कूपन या स्पेशल ऑफर भेज देती हैं। वैसे, ऐसा हर बार हो यह जरूरी नहीं है।
पेमेंट से पहले ऑफरों की जांच : पेमेंट से पहले बैंक डिस्काउंट, क्रेडिट-डेबिट कार्ड के ऑफर, एक्सचेंज बोनस और रिवॉर्ड पॉइंट्स को जरूर चेक करें। कई चुनिंदा कार्ड या नो-कॉस्ट ईएमआई (EMI) ऑफरों का इस्तेमाल कर आप अच्छी एक्स्ट्रा बचत कर सकते हैं।
सही समय पर करें तुलना : हफ्ते के कुछ खास दिनों जैसे-मंगलवार या बुधवार और रात में कीमतों की तुलना करें। वैसे, यह मानकर बिल्कुल नहीं चलें कि इन समय पर सामान हमेशा सस्ता मिलेगा, इसलिए हमेशा तुलना करके आगे बढ़ें।