Chery Electric Bike News Hindi : चीनी वाहन निर्माता कंपनी चेरी (Chery) ने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में कदम रखा है। कंपनी ने अपने नए सिनॉक्स (Cinnox) ब्रांड के तहत दो नए दो पहिया वाहन पेश किए हैं। इनमें पहली ग्रो सी3 (Grow C3) नाम की रेंज-एक्सटेंडेड इलेक्ट्रिक क्रूजर बाइक है। दूसरा इलेक्ट्रिक एडवेंचर (ADV) स्कूटर है। ग्रो सी3 की सबसे बड़ी खासियत है कि इसमें पावरफुल इलेक्ट्रिक मोटर के साथ छोटा पेट्रोल जनरेटर भी फिट है। यह जनरेटर बाइक चलने के दौरान उसकी बैटरी को चार्ज करेगा। नए इलेक्ट्रिक एडवेंचर स्कूटर को लेकर कंपनी का दावा है कि यह सिंगल चार्ज में 150 से 200 किलोमीटर चलेगा। वैसे, दोनों वाहनों की कीमतें तथा बिक्री की तारीख को लेकर आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
टेक्नोलॉजी इवेंट में पहली बार सामने आए मॉडल
ऑटोमोबाइल वेबसाइट रशलेन की रिपोर्ट के मुताबिक चेरी ने अपने चीन स्थित वुहू मुख्यालय में आयोजित टेक्नोलॉजी इवेंट के दौरान दोनों टू-व्हीलर्स का खुलासा किया। कंपनी ग्रो सी3 को दुनिया की पहली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से लैस रेंज-एक्सटेंडेड क्रूजर बाइक के रूप में प्रमोट कर रही। यह वाहन पूरी तरह से EREV (एक्सटेंडेड रेंज इलेक्ट्रिक व्हीकल) तकनीक पर बेस्ड है। इस बाइक के पहियों को घुमाने की मुख्य जिम्मेदारी इलेक्ट्रिक मोटर की ही होगी। इसमें लगा छोटा पेट्रोल इंजन सीधे तौर पर पहियों को ताकत देने के बजाय केवल एक जनरेटर के रूप में काम करेगा। उसका मकसद बैटरी को बिजली सप्लाई करना है। इस अनोखे सिस्टम से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले चालकों को बार-बार चार्जिंग स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। हालांकि, चेरी ने अभी तक बाइक की बैटरी साइज, मोटर आउटपुट, फ्यूल टैंक की क्षमता और कुल ड्राइविंग रेंज का खुलासा नहीं किया है।
कैंपिंग के लिए काम आएगा V2L फीचर और स्मार्ट कनेक्टिविटी
चेरी ग्रो सी3 में व्हीकल-टू-लोड (V2L) तकनीक भी शामिल की गई है। इस एडवांस्ड फीचर की बदौलत उपयोगकर्ता बाइक की बैटरी का उपयोग बाहरी बिजली के उपकरणों को चलाने के लिए कर सकते हैं। कैंपिंग या लंबी दूरी के सफर के दौरान यह तकनीक बेहद उपयोगी साबित होगी। इससे मोबाइल, लाइट या अन्य गैजेट्स को चार्ज किया जा सकेगा। इसके अलावा इस बाइक में एक मॉडर्न डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिया गया है, जो ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के जरिए कॉल और म्यूजिक एक्सेस करने की सुविधा है। यह बाइक ओवर-द-एयर (OTA) सॉफ्टवेयर अपडेट को भी सपोर्ट करेगी। वैसे, कंपनी ने इसमें दिए जाने वाले AI फीचर और उनके सटीक इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी का खुलासा नहीं किया है।
200 किमी तक की रेंज देगा इलेक्ट्रिक ADV स्कूटर
क्रूजर बाइक के साथ चेरी ने ऑल-इलेक्ट्रिक एडवेंचर (ADV) स्कूटर भी दुनिया के सामने रखा है। इस स्कूटर का एक्सटीरियर डिजाइन रफ-एंड-टफ एडवेंचर व्हीकल की तरह बनाया गया है। कंपनी के अनुसार, यह स्कूटर एक बार पूरा चार्ज होने पर 150 से 200 किलोमीटर तक की दूरी तय करने में सक्षम होगा। इस स्कूटर की एक और खासियत है कि इसे सामान्य फोर-व्हीलर ऑटोमोटिव चार्जर से भी चार्ज किया जा सकता है। वैसे, इसमें एसी (AC) चार्जिंग मिलेगी या डीसी (DC) फास्ट चार्जिंग, उस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। स्कूटर का कुल वजन, चार्जिंग समय, मोटर पावर और बैटरी पैक से जुड़ीं जानकारियां आनी बाकी हैं।
कब तक होगी लॉन्चिंग और क्या भारत में आएगी?
फिलहाल चेरी ने ग्रो सी3 बाइक और इलेक्ट्रिक ADV स्कूटर के प्रोडक्शन शेड्यूल, आधिकारिक लॉन्च तारीख और इनकी कीमतों के बारे में कोई बयान नहीं दिया है। साथ ही इन मॉडल को भारतीय बाजार में उतारने को लेकर कंपनी ने कोई घोषणा नहीं की है। ये दोनों केवल शोकेस किए गए मॉडल हैं। इनके कई टेक्निकल स्पेसिफिकेशन्स सार्वजनिक होने बाकी हैं। जब कंपनी इन्हें बड़े पैमाने पर उत्पादन के लिए उतारेगी, तब इनकी वास्तविक कीमत, सेफ्टी फीचर, मोटर पावर और रियल-वर्ल्ड रेंज जैसी जानकारियां बेहद अहम होंगी। खासकर ग्रो सी3 में दिया गया पेट्रोल जनरेटर और इलेक्ट्रिक मोटर का यह अनूठा कॉम्बिनेशन इसे बाजार में मौजूद अन्य पारंपरिक इलेक्ट्रिक बाइक से पूरी तरह अलग बनाता है।