Aadhaar Update News : भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के नियमानुसार आधार कार्ड में कोई भी संशोधन कराने या नया कार्ड बनवाने से पहले उससे जुड़े शुल्क और शर्तों को समझना बहुत आवश्यक है। आधार में किसी भी प्रकार का बदलाव कराने की फीस इस बात पर तय होती है कि आप कौन सा अपडेट करा रहे और कार्डधारक की आयु कितनी है। इसके अलावा कुछ विशेष सेवाएं निश्चित समयावधि तक बिल्कुल निशुल्क भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जानें कब एक भी रुपया नहीं देना होगा

आधार कार्ड में फिंगरप्रिंट, आंखों की पुतली (आयरिस) की स्कैनिंग और चेहरे की फोटो को अपडेट कराने की प्रक्रिया बायोमेट्रिक अपडेट कहलाती है। बच्चों के विकास के साथ उनके शारीरिक बदलावों को देखते हुए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) कराना बेहद जरूरी होता है। नियमानुसार यह प्रक्रिया पहली बार 5 वर्ष और दूसरी बार 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर की जाती है।

5 से 7 वर्ष की आयु : इतनी उम्र के बच्चों-बच्चियों के लिए पहला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट निशुल्क है।

15 से 17 वर्ष की आयु : इस आयु वर्ग में आने वाले किशोरों के लिए पहला अथवा दूसरा बायोमेट्रिक संशोधन कराने पर कोई चार्ज नहीं लगेगा।

7 से 15 वर्ष की आयु : UIDAI ने 7 से 15 साल तक के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट फीस में अस्थायी छूट दी है। यह राहत 30 सितंबर 2027 तक लागू रहेगी।

सामान्य मामला : उपर्युक्त श्रेणियों के अलावा किसी भी अन्य स्थिति में बायोमेट्रिक संशोधन कराने पर 125 रुपये का शुल्क देय होगा।

विशेष शर्त : मुफ्त बायोमेट्रिक अपडेट का लाभ उठाने के लिए इसे केवल अनिवार्य बायोमेट्रिक संशोधन के रूप में ही कराना होगा। इसे किसी अन्य आधार सेवा के साथ जोड़कर एक ट्रांजैक्शन में पूरा नहीं किया जा सकता।

नाम, पता और मोबाइल नंबर बदलने का कितना चार्ज?

आधार में दर्ज निजी विवरण जैसे नाम, जेंडर, जन्म तिथि, निवास का पता, मोबाइल नंबर तथा ईमेल आईडी में बदलाव कराने की प्रक्रिया को डेमोग्राफिक अपडेट कहा जाता है।

बायोमेट्रिक के साथ जोड़ने पर बचत : आप आधार सेंटर पर बायोमेट्रिक विवरण सुधारने के साथ अपने नाम या पते जैसी व्यक्तिगत जानकारी में भी सुधार करवाते हैं तो आपसे पते या नाम के बदलाव का कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूला जाएगा। वैसे, यह छूट अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कराने वालों पर लागू नहीं होगी।

केवल डेमोग्राफिक सुधार : बिना बायोमेट्रिक बदलाव के सिर्फ नाम, जन्म तिथि, जेंडर या पता अपडेट कराने पर 75 रुपये की फीस लगेगी।

ईमेल अपडेट पर विशेष राहत : आधार ऐप के माध्यम से अपना ईमेल पता जोड़ने या बदलने की सेवा 31 दिसंबर 2026 तक मुफ्त है।

आइडेंटिटी और एड्रेस डॉक्यूमेंट्स अपडेट करने की फीस

आधार कार्ड में दर्ज विवरणों की सत्यता और प्रामाणिकता बनाए रखने के लिए पहचान-पत्र और निवास प्रमाण-पत्र जैसे दस्तावेज अपडेट किए जाते हैं।

ऑनलाइन माध्यम : आप myAadhaar पोर्टल पर जाकर दस्तावेज डिजिटल रूप से जमा और अपडेट करते हैं तो यह सुविधा 14 जून 2027 तक बिना शुल्क उपलब्ध है।

ऑफलाइन माध्यम (आधार केंद्र) : किसी भी आधार सेवा केंद्र पर जाकर भौतिक रूप से दस्तावेज जमा करने पर 75 रुपये का भुगतान करना होगा।

नया आधार बनवाने का कितना खर्च आएगा?

यदि आप पहली बार आधार कार्ड बनवा रहे तो इसके लिए आपको कोई शुल्क नहीं देना है। UIDAI के नियमानुसार किसी भी उम्र के व्यक्ति के लिए नया आधार नामांकन कराने की पूरी प्रक्रिया एकदम मुफ्त होती है।