बॉलीवुड एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही एक बार फिर सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े करोड़ों रुपये के वसूली मामले को लेकर चर्चा में हैं। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने नोरा को इस मामले में गवाह के तौर पर पेश होने का निर्देश दिया है। अदालत की ओर से उन्हें 2 नवंबर 2026 को पेश होने के लिए समन जारी किया गया है। इस खबर के सामने आने के बाद एक बार फिर ये मामला सुर्खियों में आ गया है।
2 नवंबर को अदालत में पेश होंगी नोरा फतेही
दरअसल, सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े जबरन वसूली के मामले में दाखिल तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में नोरा फतेही का नाम गवाह के रूप में शामिल किया गया है। इसी आधार पर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें समन भेजकर अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। अदालत में नोरा की गवाही इस मामले की सुनवाई के लिहाज से अहम मानी जा रही है। उन्हें 2 नवंबर को कोर्ट में उपस्थित होकर मामले से जुड़े तथ्यों पर अपना पक्ष रखना होगा। हालांकि, यहां ये समझना जरूरी है कि नोरा को आरोपी नहीं, बल्कि गवाह के रूप में तलब किया गया है।
क्या है सुकेश से जुड़ा 200 करोड़ का मामला?
ये पूरा मामला कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर पर लगे करीब 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली के आरोपों से जुड़ा है। आरोप है कि सुकेश ने खुद को प्रभावशाली सरकारी अधिकारी बताकर कई लोगों को अपने जाल में फंसाया और उनसे करोड़ों रुपये की रकम वसूली। इस मामले की जांच के दौरान मनी लॉन्ड्रिंग और कथित आर्थिक धोखाधड़ी से जुड़े कई पहलुओं की जांच की गई। EOW और ED भी इस मामले की जांच कर चुके हैं।
जैकलीन फर्नांडिस का नाम भी आया था सामने
सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े इस विवाद में सिर्फ नोरा फतेही ही नहीं, बल्कि एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस का नाम भी सामने आया था। जांच के दौरान दोनों से जुड़े कनेक्शंस और महंगे तोहफों को लेकर काफी चर्चा हुई थी। मामले में नोरा का पक्ष ये रहा है कि वो जांच में सहयोग कर रही हैं। वहीं, जैकलीन का नाम मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े अलग कानूनी पहलुओं में भी सामने आया है। दोनों एक्ट्रेसेस की इस मामले में कानूनी स्थिति अलग-अलग है।
पहले भी दर्ज हो चुका है नोरा का बयान
ये पहली बार नहीं है जब नोरा फतेही को सुकेश मामले में जांच एजेंसियों के सामने पेश होना पड़ा हो। इससे पहले भी दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा और प्रवर्तन निदेशालय उनसे पूछताछ कर चुके हैं। जनवरी 2023 में नोरा ने दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में भी गवाह के तौर पर अपना बयान दर्ज कराया था। अब एक बार फिर अदालत की ओर से समन जारी होने के बाद उनकी गवाही पर सबकी नजरें टिकी हैं। आने वाले दिनों में ये देखना दिलचस्प होगा कि कोर्ट में उनके बयान के बाद इस हाई-प्रोफाइल मामले की सुनवाई किस दिशा में आगे बढ़ती है।