Chamoli Helicopter News : उत्तराखंड के चमोली जिले से चिंताजनक खबर सामने आ रही है। बद्रीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर लौट रहा एक हेलिकॉप्टर अचानक हवा में गायब हो गया। इस घटना के सामने आते ही पूरे प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र में हड़कंप मच गया है। हेलिकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। शुरुआती आशंका जताई जा रही कि हेलिकॉप्टर जोशीमठ क्षेत्र में पहाड़ियों के पास क्रैश हो गया है। फिलहाल चमोली जिला प्रशासन और राहत दल की टीमें लापता हेलिकॉप्टर की तलाश में पूरी मुस्तैदी से जुटी हैं।

दोपहर 1:12 बजे टूा संपर्क, चाई गांव के पास हादसा होने की आशंका

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर (रजिस्ट्रेशन नंबर VT-HCX) शुक्रवार दोपहर बाद करीब 1:12 बजे बद्रीनाथ धाम से देहरादून के लिए रवाना हुआ था। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह बद्रीनाथ से वापस फाटा की तरफ जा रहा था। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद जोशीमठ के पास मारवाड़ी और विष्णुप्रयाग क्षेत्र में स्थित चाई गांव की पहाड़ी के नजदीक हेलिकॉप्टर का एटीसी और अधिकारियों से संपर्क पूरी तरह टूट गया। सेना की स्थानीय यूनिट ने सबसे पहले इस घटना की गंभीरता को समझते हुए चमोली के जिलाधिकारी (DM) को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला, खोज एवं बचाव दल और मेडिकल टीमों को तत्काल घटनास्थल की दिशा में रवाना कर दिया गया है।

खराब मौसम बना तलाश में रुकावट, दो हेलिकॉप्टर सर्च ऑपरेशन में तैनात

इलाके में खराब मौसम और पहाड़ियों पर धुंध से शुरुआत में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। पायलट से भी कोई रेडियो या मोबाइल संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा। लापता हेलिकॉप्टर की सटीक लोकेशन का पता लगाने के लिए प्रशासन ने दो हेलिकॉप्टरों को सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया है, जो प्रभावित इलाके पर नजर रख रहे। अपर जिलाधिकारी (ADM) चमोली विवेक प्रकाश ने बताया कि घटना का संदेश मिलते प्रशासनिक टीमों को मौके के लिए तुरंत रवाना कर दिया गया था और क्षेत्र में सघन खोज अभियान चलाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर इस दुखद घटना और संभावित क्रैश की पुष्टि की है। सीएम धामी ने कहा कि प्रभावित इलाके में तत्काल प्रभाव से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। प्रशासन को बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पूरी स्थिति और यात्रियों की जानकारी जुटाने की कोशिशें जारी हैं।