मुंबई के ऑफ स्पिनर तनुष कोटियन ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 में अपनी गेंदबाजी से छाप छोड़ी है। हरियाणा के खिलाफ हुए मुकाबले में उन्होंने दोनों पारियों को मिलाकर 11 विकेट हासिल झटके। यह उनके प्रथम श्रेणी करियर का पहला 10 विकेट वाला मैच प्रदर्शन था। उनके इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत मुंबई ने हरियाणा को 10 विकेट से हराकर लगातार तीसरी बोनस अंक वाली जीत दर्ज की। मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित मैदान पर खेले गए एलीट ग्रुप डी के इस मुकाबले में कोटियन ने पहली पारी में 70 रन देकर तीन विकेट चटकाए थे। इसके बाद दूसरी पारी में उनका प्रदर्शन और भी प्रभावशाली रहा। उन्होंने 81 रन खर्च करके आठ बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इस तरह मैच में उनके नाम 151 रन देकर कुल 11 विकेट रहे। दूसरी पारी में 8/81 का प्रदर्शन उनके प्रथम श्रेणी करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी है।
फॉलोऑन के बाद 256 रन पर सिमटी हरियाणा की टीम
मुकाबले में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 430 रन बनाए थे। टीम की ओर से अंगकृष रघुवंशी ने 114 और मुशीर खान ने 109 रन की शतकीय पारियां खेलीं। जवाब में हरियाणा की पहली पारी 270 रन पर समाप्त हुई। मुशीर खान ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए छह विकेट अपने नाम किए। पहली पारी में 160 रन की बढ़त लेने के बाद मुंबई ने हरियाणा को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर कर दिया। दूसरी पारी में हरियाणा ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन पूरी टीम 256 रन पर सिमट गई। निशांत सिंधु ने 44 और हिमांशु राणा ने 46 रन बनाए। सामंत जाखड़ और अनुज ठकराल ने आठवें विकेट के लिए 81 रन जोड़कर मुंबई के गेंदबाजों को कुछ देर तक रोके रखा, लेकिन कोटियन ने इस साझेदारी को तोड़कर टीम को अहम सफलता दिलाई।
10.4 ओवर में मुंबई ने हासिल किया लक्ष्य
मुंबई को जीत के लिए 97 रन का लक्ष्य मिला था। सलामी बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी और दिव्यांश सक्सेना ने बिना कोई विकेट गंवाए इसे हासिल कर लिया। रघुवंशी ने 39 गेंदों पर नाबाद 67 रन बनाए, जबकि सक्सेना 25 गेंदों में 30 रन बनाकर नाबाद लौटे। मुंबई ने महज 10.4 ओवर में लक्ष्य पूरा कर मुकाबला 10 विकेट से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ मुंबई ने रणजी ट्रॉफी में लगातार तीसरी बार बोनस अंक हासिल किया। टीम ने इससे पहले चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश के खिलाफ भी बोनस अंक के साथ जीत दर्ज की थी। हरियाणा के खिलाफ मिली इस सफलता से मुंबई को सात अंक मिले और टीम ने अपने ग्रुप में मजबूत स्थिति बना ली।