बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन अपनी फिल्मों और शानदार फिटनेस के साथ-साथ सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी सुर्खियों में रहते हैं। कभी वो अपनी निजी जिंदगी की झलक दिखाते हैं, तो कभी ऐसी बातें लिख देते हैं, जिनका मतलब समझने में फैंस भी सोच में पड़ जाते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ है। 30 अक्टूबर की सुबह ऋतिक ने सोशल मीडिया पर जिंदगी, समझदारी और आध्यात्मिकता को लेकर एक लंबा नोट शेयर किया। इसमें उन्होंने दुनिया को 'मूर्खों की दुनिया' बताते हुए कुछ ऐसी बातें लिखीं, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया है।
ऋतिक ने लिखा- 'अज्ञानता में ही सुकून था'
ऋतिक ने अपनी पोस्ट में जिंदगी के एक अलग पहलू पर विचार रखा है। उनका कहना है कि इंसान अपनी जिंदगी का काफी समय समझदारी, ज्ञान और हर चीज को स्पष्ट रूप से समझने की कोशिश में लगा देता है। लेकिन एक समय ऐसा आता है, जब उसे एहसास होता है कि शायद बिना हर बात की गहराई में जाए जिंदगी ज्यादा आसान और सुकून भरी थी। एक्टर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि इंसान ज्ञान और स्पष्टता की तलाश में इतना आगे निकल जाता है कि आखिर में उसे अज्ञानता की अहमियत समझ आने लगती है। उन्होंने दुनिया को मूर्खों की दुनिया बताते हुए कहा कि शायद ये दुनिया उन्हीं लोगों की है, जो हर बात को समझने और उसका विश्लेषण करने में अपना वक्त नहीं गंवाते।
ऋतिक की पोस्ट का क्या है मतलब?
ऋतिक की इस पोस्ट को जिंदगी के प्रति एक अलग नजरिए के तौर पर देखा जा रहा है। अक्सर लोग अपने आसपास होने वाली हर घटना का जवाब तलाशते रहते हैं। छोटी-छोटी बातों पर भी जरूरत से ज्यादा सोचने लगते हैं। ऐसे में कई बार इंसान मानसिक रूप से थक जाता है और जिंदगी के सामान्य पलों को जी नहीं पाता। ऋतिक के विचारों का एक मतलब ये भी निकाला जा सकता है कि हर सवाल का जवाब जानना जरूरी नहीं है। कभी-कभी चीजों को स्वीकार करना और बेवजह की उलझनों से दूर रहना भी सुकून दे सकता है।
फिल्मों को लेकर भी चर्चा में हैं ऋतिक रोशन
काम की बात करें तो ऋतिक रोशन पिछले साल फिल्म 'वॉर 2' में नजर आए थे। इस फिल्म में उनके साथ जूनियर एनटीआर और कियारा आडवाणी भी दिखाई दिए थे। इसके अलावा एक्टर की फिल्म 'कृष 4' को लेकर भी फैंस में एक्साइटमेंट बनी हुई है। इस प्रोजेक्ट में ऋतिक डायरेक्शन की जिम्मेदारी भी संभालने वाले हैं। फिलहाल उनकी नई सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बनी हुई है। फैंस उनके लिखे शब्दों के अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं।