DA Hike News : केंद्रीय कर्मियों और पेंशनरों का महंगाई भत्ते (DA) एवं महंगाई राहत (DR) का इंतजार आज समाप्त हो गया। PM नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की बैठक में DA और DR में 3% की बढ़ोतरी का बड़ा फैसला लिया गया। त्योहारों के मौसम में आए इस फैसले से देशभर के 48 लाख केंद्रीय कर्मियों और 68 लाख पेंशनभोगियों को सीधा लाभ पहुंचेगा। कैबिनेट बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस निर्णय की जानकारी दी।
1 जुलाई से लागू होगी नई Rate
महंगाई भत्ते में 3% का इजाफा होने के बाद अब यह 60% से बढ़कर सीधे 63% हो गया है। केंद्र सरकार ने यह बढ़ोतरी 7वें वेतन आयोग की तय सिफारिशों और फॉर्मूले के तहत ही की है। इस फैसले से सरकारी खजाने पर 10016 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय बोझ आएगा। यह संशोधित दरें 1 जुलाई 2026 से लागू मानी जाएंगी। इसका अर्थ यह हुआ कि सभी पात्र कर्मचारियों और पेंशनर्स को जुलाई से अक्टूबर तक के बचे हुए चार महीनों का एरियर (बकाया राशि) एक साथ दिया जाएगा।
जानिए किसकी कितनी बढ़ेगी सैलरी और पेंशन
कर्मी : किसी कर्मी की बेसिक सैलरी 18000 रुपए है तो 60% के हिसाब से उसे 10800 रुपए महंगाई भत्ता मिलता था। वहीं, अब 11340 रुपए प्रति माह मिलेगा।
पेंशनर : किसी की बेसिक पेंशन 9000 रुपए है तो 60% के हिसाब से 5400 रुपए महंगाई राहत मिलती थी, जो अब उन्हें 5670 रुपए मिलेंगे।
5वें-6वें वेतन आयोग के कर्मियों को भी राहत
कैबिनेट ने सिर्फ 7वें वेतन आयोग के साथ-साथ 5वें और 6वें वेतन आयोग के पे-स्केल के कर्मियों के भत्ते में भी इजाफे को स्वीकृति दी। यह बदलाव भी 1 जुलाई 2026 से ही प्रभावी माने जाएंगे:-
सातवां वेतन आयोग : DA 60% से बढ़ 63% हुआ।
6ठा वेतन आयोग : DA 262% से बढ़ा 269% किया गया।
5वां वेतन आयोग : DA 483% से बढ़ा 497% किया गया।
साल में दो बार होता है बदलाव
केंद्र सरकार हर साल दो बार (जनवरी और जुलाई) डीए दरों में संशोधन का फैसला करती है। इस वर्ष जुलाई में बढ़ोतरी की घोषणा नहीं हो पाई थी, जिस कारण कर्मचारी काफी समय से इसका इंतजार कर रहे थे। अब दिवाली से ठीक पहले इस फैसले के आने से कर्मियों को वेतन के साथ एरियर का पैसा भी एक साथ मिल जाएगा।