Hardeep Singh Puri News :  भाजपा (BJP) ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव का प्रत्याशी बनाया है। BJP की केंद्रीय चुनाव समिति ने 28 अक्टूबर को औपचारिक रूप से उनके नाम का ऐलान किया। यह राज्यसभा सीट केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद रिक्त है। अब यहां के लिए 12 नवंबर को वोटिंग होगी, उसी दिन शाम 5 बजे से मत गिने जाएंगे। नेता का कार्यकाल 2030 तक रहेगा।

MP विस का गणित और जीत का समीकरण

एमपी की 230 सदस्यीय विधानसभा में सामान्य परिस्थितियों में राज्यसभा की 1 सीट पाने को 116 विधायकों के मतों की जरूरत होती है। कांग्रेस MLA मुकेश मल्होत्रा इस मतदान प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेंगे। इस चलते अब 229 MLA की कुल संख्या के आधार पर चुनावी समीकरण तथा जीत का कोटा तय होगा। इसके अतिरिक्त बीना विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्मला सप्रे का रुख भी काफी मायने रखता है। कागजों पर वे स्वयं को कांग्रेसी बताती हैं। मगर, अमूमन वो BJP के सार्वजनिक मंचों पर दिखे हैं। दल-बदल के चलते उनकी राजनीतिक स्थिति क्लियर नहीं है। उनके मतदान की तस्वीर साफ होने के बाद ही BJP और कांग्रेस दोनों की वास्तविक ताकत का सही अंदाजा लगाया जा सकेगा। 

तस्वीरें वायरल होने पर कांग्रेस ने घेरा

हाल में पुरी की कुछ फोटो जेफ्री एपस्टीन के साथ वायरल हुई थीं, जिसे लेकर विवाद हुआ। पुरी ने कहा था, वे जिंदगी में कभी भी एपस्टीन से अकेले नहीं मिले थे। इन फोटो के सामने आने के बाद कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोशल मीडिया पर लिखा था-जब पुरी का दावा था कि वे एपस्टीन से अकेले कभी नहीं मिले तो फिर इन फोटो का क्या मतलब निकाला जाए?

कैसा रहा है हरदीप पुरी का सियासी सफर?

पुरी पहली दफा 2018 में यूपी से राज्यसभा सदस्य बने थे। साल 2020 में भी पार्टी ने उन्हें यूपी से फिर राज्यसभा भेजा था। वर्तमान में वे यहीं से राज्यसभा सांसद हैं और कार्यकाल 25 नवंबर तक है।