टीवी एक्ट्रेस और 'बिग बॉस ओटीटी 2' फेम जिया शंकर इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। इसी साल अगस्त में बॉयफ्रेंड करण धनक के साथ सगाई की खुशखबरी देने वाली जिया के रिश्ते में दरार आने की खबरें सामने आ रही हैं। सोशल मीडिया पर दोनों के अलग होने और करण के कथित तौर पर धोखा देने की चर्चाएं हो रही हैं। इन खबरों के बीच अब जिया ने खुद सामने आकर इस पर रिएक्ट किया है और लोगों से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर अटकलें न लगाने की अपील की है।

दो महीने में ही रिश्ते में आई दरार?

जिया शंकर ने 5 अगस्त 2026 को करण धनक के साथ अपनी सगाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। दोनों की रोमांटिक प्रपोजल वाली तस्वीरों को देखकर फैंस काफी खुश हुए थे। जिया ने उस समय करण के साथ अपनी जिंदगी बिताने की खुशी भी जाहिर की थी। लेकिन अब अचानक दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया यूजर्स का दावा है कि जिया ने इंस्टाग्राम पर करण को अनफॉलो कर दिया है। इसके अलावा एक्ट्रेस की कुछ भावुक पोस्ट और रीपोस्ट ने भी इन खबरों को हवा दी है। वहीं, इन बदलावों के आधार पर रिश्ते के खत्म होने की पुष्टि नहीं की जा सकती। 

मंगेतर पर लगे धोखा देने के आरोप

जिया की सोशल मीडिया गतिविधियों को देखकर कुछ यूजर्स ने दावा करना शुरू कर दिया कि उनके मंगेतर करण ने उन्हें धोखा दिया है। इन आरोपों को लेकर न तो जिया ने कोई पुष्टि की है और न ही करण की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आई है। एक्ट्रेस ने कुछ ऐसे पोस्ट भी रीशेयर किए थे, जिनमें दिल टूटने, तकलीफ और मुश्किल वक्त से गुजरने जैसी भावनाएं जाहिर की गई थीं। इसके बाद इंटरनेट पर उनके रिश्ते को लेकर तरह-तरह की बातें होने लगीं। 

जिया ने शेयर किया पोस्ट 

लगातार हो रही चर्चाओं के बीच जिया ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी बात रखी। उन्होंने साफ किया कि सोशल मीडिया पर उनकी निजी जिंदगी को लेकर जो बातें कही जा रही हैं, वो उनकी तरफ से शेयर की गई जानकारी से कहीं आगे निकल चुकी हैं। एक्ट्रेस ने लोगों से अपील की कि उनके रिश्ते को लेकर बिना जानकारी के कोई कहानी न बनाएं और न ही अफवाहें फैलाएं। उन्होंने ये भी कहा कि जिंदगी की कुछ बातें निजी होती हैं और लोगों को उनकी प्राइवेसी का सम्मान करना चाहिए। आपको बता दें, जिया ने अपने बयान में न तो सगाई टूटने की पुष्टि की और न ही इन खबरों को पूरी तरह खारिज किया है।