Jio Market Cap News Hindi : भारतीय शेयर बाजार में आज ऐतिहासिक पल आया, जब रिलायंस इंडस्ट्रीज की सहायक कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स देश की सबसे मूल्यवान टेलीकॉम कंपनी बन गई। शेयर बाजार में शानदार लिस्टिंग के साथ जियो ने इस मामले में भारती एयरटेल को पीछे छोड़ दिया। जो अब तक बाजार पूंजीकरण के लिहाज से टॉप पर थी।
शेयर बाजार में Jio का शानदार आगाज
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ (IPO) की आज बाजार में जबरदस्त शुरुआत हुई। कंपनी के शेयर 21.36% के प्रीमियम के साथ 1358 रुपए पर लिस्ट हुए। इस धमाकेदार लिस्टिंग ने निवेशकों को प्रति शेयर 239 रुपए का सीधा फायदा पहुंचाया। कंपनी कर्मचारियों के लिए यह खुशी दोगुनी थी, क्योंकि उन्हें शेयर 54 रुपए के डिस्काउंट पर मिले थे, जिससे उनका लिस्टिंग गेन बढ़कर प्रति शेयर 293 रुपए हो गया। इस दमदार लिस्टिंग के चलते सुबह 10.07 बजे नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर जियो का मार्केट कैप 12,50,862.66 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर यह 12,49,757.57 करोड़ रुपए दर्ज किया गया। ठीक उसी समय एयरटेल का मार्केट कैप एनएसई पर 12,07,224.93 करोड़ रुपए और बीएसई पर 12,06,288.85 करोड़ था।
टेलीकॉम कंपनियों का नया बाजार समीकरण
देश में अब केवल 5 टेलीकॉम कंपनियां सक्रिय हैं। आज की लिस्टिंग से पहले तक एयरटेल मार्केट कैप में सबसे आगे थी। मगर, जियो की लिस्टिंग के बाद यह अब दूसरे स्थान पर खिसक गई। टेलीकॉम कंपनियों के मार्केट कैप के अनुसार बाजार का नया हाल इस प्रकार है:-
जियो प्लेटफॉर्म्स : देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी (मार्केट कैप 12.50 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा)।
भारती एयरटेल : दूसरे नंबर पर।
वोडाफोन आइडिया : तीसरे स्थान पर। इसका मार्केट कैप एनएसई पर 1,29,253.24 करोड़ और बीएसई पर 1,29,361.58 करोड़।
एमटीएनएल (MTNL) : चौथे स्थान पर। एनएसई पर मार्केट कैप 1421.28 करोड़ और बीएसई पर 1418.76 करोड़ रुपए।
बीएसएनएल (BSNL) : यह पांचवीं कंपनी है। चूंकि यह शेयर बाजार में लिस्टेड नहीं है, इसलिए इसके मार्केट कैप की जानकारी नहीं है।
टॉप-5 कंपनियों में Jio दूसरे नंबर पर
जियो की लिस्टिंग ने न केवल टेलीकॉम सेक्टर, बल्कि पूरे शेयर बाजार की रैंकिंग बदल दी है। जियो प्लेटफॉर्म्स अब बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है। सुबह 10.35 बजे के आंकड़ों के अनुसार देश की टॉप 5 कंपनियों में जियो की पैरेंट कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) 15,89,667.32 करोड़ रुपए के मार्केट कैप के साथ पहले स्थान पर है। जियो प्लैटफॉर्म्स 12,50,862.66 करोड़ रुपए के साथ सीधे दूसरे नंबर पर पहुंच गई। भारती एयरटेल अब तीसरे स्थान पर, जिसका मार्केट कैप 12,07,224.93 करोड़ रुपए है। एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) चौथे नंबर पर, जिसका मार्केट कैप 10,41,603.59 करोड़ रुपए है। इनफोसिस 9,83,289.49 करोड़ रुपए के मार्केट कैप के साथ 5वें स्थान पर है।
टॉप-5 से बाहर TCS
Jio के बाजार में आते ही बड़ा उलटफेर हुआ कि टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) टॉप-5 कंपनियों की लिस्ट से बाहर हुई। आज टीसीएस के शेयरों में भी भारी गिरावट आई। ये 3% से ज्यादा टूट गए। इससे कंपनी का मार्केट कैप और कम हो गया। सुबह 10.42 बजे एनएसई पर टीसीएस का मार्केट कैप 8,76,373.16 करोड़ था। इंट्रा-डे ट्रेड के दौरान कंपनी का शेयर 84.9 अंक (3.40%) गिरकर 2412 रुपए के भाव पर आ गया।