पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को दिल्ली में अपने धमाकेदार कॉन्सर्ट से समां बांध दिया। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में इस शो के साथ उन्होंने अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' का आगाज किया। सुबह से हो रही तेज बारिश और सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बावजूद हजारों फैंस दिलजीत दोसांझ को देखने पहुंचे। बारिश भी दिलजीत के गानों पर झूम रहे फैंस की एक्साइटमेंट कम नहीं कर सकी।

बारिश के बीच भी स्टेडियम में दिखी एक्साइटमेंट 

दिल्ली में मौसम का मिजाज भले ही बिगड़ा हुआ था, लेकिन कॉन्सर्ट को लेकर लोगों का जोश देखते ही बन रहा था। स्टेडियम में दिलजीत की एंट्री के साथ ही दर्शकों ने जोरदार तालियों और नारों से उनका स्वागत किया। दिलजीत के पंजाबी गानों पर फैंस नाचते और गाते नजर आए। शो के दौरान शानदार लाइटिंग, बड़ी एलईडी स्क्रीन और आतिशबाजी ने माहौल को और खास बना दिया। खास तौर पर ड्रोन शो ने लोगों का ध्यान खींचा। 

सुरक्षा के लिए तैनात किए गए करीब 2,000 गार्ड

इस बड़े कॉन्सर्ट को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए प्रशासन की ओर से खास तैयारियां की गई थीं। स्टेडियम और उसके आसपास करीब 2,000 पर्सनल गार्ड की तैनाती की गई थी। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी। कार्यक्रम में आने वाले लोगों की जांच और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दोपहर 1 बजे से आधी रात तक आसपास की कई सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए थे। वहीं, दर्शकों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो की सेवाएं भी रात 12 बजे तक बढ़ाई गई थीं। 

लाइव आकर दिलजीत ने जताया आभार

कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद दिलजीत दोसांझ सोशल मीडिया पर लाइव आए और दिल्ली के लोगों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने दिल्ली पुलिस और सीआरपीएफ की भी जमकर तारीफ की। सिंगर ने कहा कि दिल्ली में उनके कार्यक्रम के लिए शानदार व्यवस्था की गई थी। मेट्रो को देर रात तक चलाने और सुरक्षा के बेहतरीन इंतजामों के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों का आभार जताया।