'ये रिश्ता क्या कहलाता है' और 'इंग्लिश विंग्लिश' फेम एक्ट्रेस नविका कोटिया से जुड़ी एक बड़ी जानकारी सामने आ रही है। नविका कोटिया ने इस साल जनवरी में पुणे के बिजनेसमैन माजेन मोदी के साथ सगाई की थी। अगले साल दोनों शादी करने वाले थे और अब खबर सामने आई है कि शादी के मंडप तक पहुंचने से पहले ही ये रिश्ता टूट गया है। बताया जा रहा है कि जुलाई की शुरुआत में नविका कोटिया और उनके मंगेतर माजेन मोदी ने ये रिश्ता खत्म करने का फैसला ले लिया। दोनों आपसी सहमति से अलग हो गए हैं। 

6 महीने में टूटी नविका कोटिया की सगाई 

कहा जा रहा है कि नविका कोटिया और माजेन मोदी की सगाई टूटने के बाद भी दोनों के बीच कोई कड़वाहट नहीं आई है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ये रिश्ता इसलिए टूटा क्योंकि दोनों की प्रियोरिटीज अलग थीं और इसलिए दोनों आपस में ताल-मेल नहीं बिठा पाए। ऐसे में इन्होंने ये रिश्ता तोड़कर आगे बढ़ना ही सही समझा। अब ये दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं और माजेन मोदी को लेकर तो एक और चटपटी खबर सामने आ रही है। 

रितिका बडियानी को डेट कर रहे नविका के एक्स मंगेतर?

नविका कोटिया से 6 महीने में सगाई टूटने के बाद माजेन मोदी ने डेटिंग शुरू कर दी है। दावा किया जा रहा है कि माजेन मोदी अब एक्ट्रेस रितिका बडियानी के साथ रिलेशनशिप में हैं। दरअसल, माजेन मोदी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से हाल ही में रितिका बडियानी संग कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा- '8.32 बिलियन लोग, अनगिनत रास्ते और किसी तरह हमारे रास्ते टकरा गए।' अब इस पोस्ट को देखकर लोग कयास लगा रहे हैं कि माजेन मोदी ने सगाई टूटने के बाद रितिका को डेट करना शुरू कर दिया। 

कौन हैं रितिका बडियानी?

आपको बता दें, रितिका बडियानी सोशल मीडिया और बॉलीवुड इंडस्ट्री का जाना-माना चेहरा हैं। उन्होंने 'एयरलिफ्ट', '10 कल्पनाकल' और 'चमन बहार' जैसी फिल्मों में काम किया है। इंस्टाग्राम पर उनके 7.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वहीं, नविका कोटिया की बात करें तो वो 'बा बहू' और बेबी', 'बालिका वधू', 'कसम से' और 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' जैसे शोज में नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा उन्हें फिल्म 'इंग्लिश विंग्लिश' में श्रीदेवी की बेटी के रोल में भी देखा गया था।