Nepal Helicopter Collision News : नेपाल की हसीन वादियों में बेहद दर्दनाक और भयानक हादसा सामने आया है। नेपाल के सोलुखुम्बु जिला स्थित फेरीचे हेलिपैड पर उतरने के दौरान 2 हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि हवा में दोनों हेलिकॉप्टरों के पंखे एक-दूसरे में उलझ गए। इस दुर्घटना में एक विदेशी पर्यटक की मौके पर मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
कैसे हुआ यह भयानक हादसा?
जानकारी के मुताबिक फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलिकॉप्टर सोलुखुम्बु जिले के खुम्बु पासांगल्हामु क्षेत्र के फेरीचे हेलिपैड पर लैंड करने की तैयारी में थे। इसी दौरान लैंडिंग के वक्त संतुलन बिगड़ने या दूरी कम होने के कारण दोनों हेलिकॉप्टरों के रोटर ब्लेड्स (पंखे) आपस में बुरी तरह टकरा गए। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAAN) ने भी इसकी पुष्टि कर दी है। प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों हेलिकॉप्टरों के पंखे टकराने की वजह से यह हादसा हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरी घटना की विस्तृत और गहराई से जांच की जा रही है। सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी नवीनराज बुढाथोकी ने बताया कि फेरीचे हेलिपैड पर लैंडिंग के समय यह अनहोनी हुई। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है तथा घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
हाल में हुए कुछ प्रमुख हेलिकॉप्टर और विमान हादसे
पहाड़ी और जोखिम भरे इलाकों में विमान और हेलिकॉप्टर हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है। हाल के दिनों में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से भी ऐसे ही दुखद हादसे सामने आए हैं।
नेपाल (पोखरा विमान हादसा) : नेपाल में इससे पहले भी पोखरा के पास यति एयरलाइंस का एक यात्री विमान क्रैश हो गया था। उसमें सवार सभी 72 लोगों की मौत हो गई थी। खराब मौसम और पहाड़ी इलाकों में विजिबिलिटी कम होना यहां हादसों की बड़ी वजह बनता रहा है।
केन्या (सेना प्रमुख का हेलिकॉप्टर क्रैश): हाल में केन्या के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ को ले जा रहा सैन्य हेलिकॉप्टर उड़ान भरने के कुछ देर बाद क्रैश हो गया था। इसमें केन्या के सेना प्रमुख समेत कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की जान चली गई थी।
अमेरिका (टेक्सास में मिड-एयर कोलिजन) : अमेरिका के एयरशो के दौरान 2 पुराने मिलिट्री एयरक्राफ्ट की हवा में टक्कर हुई थी। उसके बाद दोनों विमान गिरकर जल गए थे। उसमें सवार चालकों की मौत हो गई थी।