दिल्ली में रविवार, 1 नवंबर को दो बड़े आयोजनों के चलते कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली और पश्चिमी दिल्ली में हरि नगर से तिलक नगर तक प्रस्तावित पदयात्रा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। मध्य दिल्ली में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक और पश्चिमी दिल्ली में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक यातायात में बदलाव किए जा सकते हैं। ऐसे में घर से निकलने से पहले प्रभावित रास्तों और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जरूर कर लें। 

रामलीला मैदान की रैली से मध्य दिल्ली में ट्रैफिक प्रभावित

रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली के मद्देनजर मध्य दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जरूरत पड़ने पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक डायवर्जन लागू रहेंगे।

इन 10 प्रमुख स्थानों पर यातायात में बदलाव किया जा सकता है:

  • नेताजी सुभाष मार्ग टी-पॉइंट
  • राजघाट
  • दिल्ली गेट
  • ITO ए-पॉइंट
  • अजमेरी गेट रेड लाइट
  • बाराखंभा रोड स्थित रणजीत सिंह फ्लाईओवर
  • भवभूति मार्ग-DDU मार्ग रेड लाइट
  • झंडेवालान राउंडअबाउट
  • तुर्कमान गेट
  • मिरदर्द चौक


इन सड़कों पर जाने से बचें

रैली के दौरान बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, अरुणा आसफ अली रोड और मिंटो रोड के आसपास जाम लगने की आशंका है। इन रास्तों पर भी यातायात प्रभावित हो सकता है:

  • BSZ मार्ग: ITO से दिल्ली गेट तक
  • JLN मार्ग: राजघाट से दिल्ली गेट, गुरु नानक चौक होते हुए अजमेरी गेट तक
  • अरुणा आसफ अली रोड: अजमेरी गेट से हमदर्द चौक, तुर्कमान गेट और दिल्ली गेट तक
  • मिंटो रोड से कमला मार्केट राउंडअबाउट और हमदर्द चौक तक
  • रणजीत सिंह फ्लाईओवर से तुर्कमान गेट तक
  • D.B.G. रोड: झंडेवालान राउंडअबाउट से अजमेरी गेट चौक की ओर
  • बाराखंभा रोड से मंडी हाउस राउंडअबाउट और सिकंदरा रोड की ओर
  • केजी मार्ग और फिरोज शाह रोड
  • चेम्सफोर्ड रोड
  • मिंटो रोड से भवभूति मार्ग की ओर


इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही मौजूदा ट्रैफिक स्थिति के अनुसार नियंत्रित की जाएगी।

हरि नगर से तिलक नगर तक पदयात्रा, जेल रोड पर भी असर

पश्चिमी दिल्ली में हरि नगर DTC डिपो से जेल रोड होते हुए तिलक नगर मेट्रो स्टेशन तक पदयात्रा प्रस्तावित है। इसके कारण सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक इस इलाके में ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, लाजवंती चौक से तिलक नगर के बीच जेल रोड के दोनों कैरिजवे जरूरत पड़ने पर अस्थायी रूप से बंद किए जा सकते हैं। लाजवंती चौक और तिलक नगर के आसपास के मार्गों पर भी यातायात का दबाव बढ़ सकता है। वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों के तौर पर सेवा मार्ग-पंखा रोड और मायापुरी रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। रैली के मद्देनजर कुछ प्रमुख सड़कों पर DTC बसों की आवाजाही भी नियंत्रित की जाएगी। इनमें BSZ मार्ग, राजघाट से JLN मार्ग का पूरा हिस्सा, D.B.G. रोड और मिंटो रोड शामिल हैं। बसों को मौजूदा यातायात की स्थिति के अनुसार आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी। 

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए सलाह

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा पहले से तय करने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।

  • D.B.G. रोड की ओर से आने वाले यात्री: चेम्सफोर्ड रोड, कनॉट प्लेस आउटर सर्कल, मिंटो रोड और भवभूति मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • पूर्वी दिल्ली से आने वाले यात्री: ITO, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग और भवभूति मार्ग के रास्ते अजमेरी गेट की ओर पहुंच सकते हैं।

ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पहुंचने के लिए प्रभावित मार्गों से बचें और अपनी ट्रेन के समय को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें। 

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वाहन चालकों को सलाह

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रैली और पदयात्रा वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचें। जहां संभव हो, निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। सड़कों पर अवैध पार्किंग न करें और तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। यातायात से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन 1095 या 011-25844444 पर संपर्क किया जा सकता है। व्हाट्सऐप नंबर 8750871493 के जरिए भी सहायता ली जा सकती है।