BJP Uttar Pradesh Campaign News : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सत्ता में दोबारा वापसी के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी है। दिवाली खत्म होते पार्टी राज्यभर में जोरदार और आक्रामक प्रचार अभियान शुरू करने जा रही। यह तीन चरणों वाला अभियान नवंबर से दिसंबर के बीच चलेगा। इस मास्टर प्लान को अंजाम देने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मैदान में उतरेंगे। पार्टी ने इस तीन स्तरीय योजना के तहत क्षेत्रीय, जिला और विधानसभा के हिसाब से अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी हैं, ताकि चुनाव आने से पहले ही पूरे प्रदेश में माहौल बीजेपी के पक्ष में पूरी तरह बन सके।

पीएम मोदी की 18 मेगा रैलियां

सूत्रों के मुताबिक बीजेपी ने केंद्रीय नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं तक की भूमिका तय कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के सभी 18 प्रशासनिक मंडलों में बड़ी-बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इन विशाल रैलियों का मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना और सरकार की जनहितकारी योजनाओं का संदेश सीधे जनता तक पहुंचाना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभालेंगे। वे क्षेत्रवार रैलियों और जिला स्तर पर बूथ सम्मेलनों के जरिए जमीनी तंत्र को एक्टिव करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन विधानसभा स्तर पर छोटे-छोटे कार्यक्रमों और बैठकों की कमान संभालेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिला स्तर पर ताबड़तोड़ रैलियां करेंगे। उनका लक्ष्य चुनाव से पहले प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों को कवर करना है।

हर कार्यकर्ता को 50 परिवारों से जोड़ने का लक्ष्य

यह अभियान 20 नवंबर के बाद पूरी रफ्तार पकड़ लेगा। साथ ही पार्टी का बूथ स्तर का ढांचा भी पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा। नए आउटरीच प्लान के तहत हर बूथ कार्यकर्ता और माइक्रो-टीम को कम-से-कम 50 परिवारों से व्यक्तिगत संपर्क साधने की जिम्मेदारी मिली है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियां और योजनाएं बताएंगे। नए और पहली बार वोट देने वाले युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। जमीनी रैलियों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी आक्रामक प्रचार चलेगा। कार्यकर्ताओं को आदेश दिए गए हैं कि रैलियों की तस्वीरें, वीडियो और अपडेट्स तुरंत सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किए जाएं। उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिहाज से यह बेहद महत्वपूर्ण कदम है, जहां बीजेपी अपने केंद्रीय नेताओं के आकर्षण और राज्य संगठन की मजबूती के बल पर 2027 की जीत की नींव रख रही।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ)

Q1: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए बीजेपी का प्रचार अभियान कब शुरू होगा?

उत्तर : बीजेपी दिवाली बीतने के बाद 20 नवंबर से राज्य में व्यापक और आक्रामक तीन स्तरीय प्रचार अभियान शुरू करने जा रही।

Q2: 2027 यूपी चुनाव अभियान में पीएम मोदी और अमित शाह की क्या भूमिका होगी?

उत्तर : पीएम नरेंद्र मोदी यूपी के सभी 18 प्रशासनिक मंडलों में विशाल रैलियां करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संगठन को मजबूत करने के लिए क्षेत्रवार रैलियों और जिलास्तरीय बूथ सम्मेलनों की कमान संभालेंगे।

Q3: बीजेपी के इस नए आउटरीच मॉडल में कार्यकर्ताओं को क्या जिम्मेदारी दी गई है?

उत्तर : नए आउटरीच मॉडल के तहत हर बूथ कार्यकर्ता को न्यूनतम 50 परिवारों से सीधे संपर्क करने और घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियां बताने का लक्ष्य दिया गया है।