बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म 'किंग' रिलीज से पहले ही जबरदस्त सुर्खियां बटोर रही है। इस बार चर्चा फिल्म के टीजर या स्टारकास्ट की नहीं, बल्कि इसके विदेशी थिएट्रिकल राइट्स की हो रही है। खबरों के मुताबिक, फिल्म के ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 175 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम में बिके हैं। इसके साथ ही 'किंग' ने भारतीय सिनेमा में विदेशी डिस्ट्रीब्यूशन डील का नया रिकॉर्ड बना दिया है।
175 करोड़ रुपये में हुई फिल्म की डील
रिपोर्ट के अनुसार, दुबई की कंपनी फार्स फिल्म्स ने 'किंग' के विदेशी थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 175 करोड़ रुपये की मिनिमम गारंटी पर हासिल किए हैं। बताया जा रहा है कि किसी भारतीय फिल्म के ओवरसीज राइट्स के लिए अब तक इतनी बड़ी रकम की डील नहीं हुई थी। इससे पहले शाहरुख खान की फिल्मों के विदेशी वितरण की जिम्मेदारी यशराज फिल्म्स संभालता रहा है। 'पठान', 'जवान' और 'डंकी' जैसी फिल्मों को भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में YRF ने रिलीज किया था। इस बार फार्स फिल्म्स ने बड़ी पेशकश के साथ ये जिम्मेदारी अपने हाथ में ले ली है।
विदेशों में 'किंग' को करनी होगी इतनी कमाई
175 करोड़ रुपये की ये डील जितनी बड़ी है, फिल्म के सामने बॉक्स ऑफिस पर चुनौती भी उतनी ही मुश्किल रहने वाली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विदेशी बाजार में डिस्ट्रीब्यूटर को आमतौर पर कुल टिकट बिक्री का लगभग 50 फीसदी हिस्सा मिलता है। ऐसे में अपनी रकम निकालने के लिए 'किंग' को अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 350 से 375 करोड़ रुपये की कमाई करनी पड़ सकती है। इस लक्ष्य को हासिल करना आसान नहीं होगा। शाहरुख की पिछली दो बड़ी हिट फिल्मों 'पठान' और 'जवान' ने विदेशों में लगभग 400 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। ऐसे में 'किंग' से भी यही उम्मीद की जा रही है।
'पठान' वाले निर्देशक के साथ फिर बनी जोड़ी
'किंग' का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। इससे पहले वो शाहरुख खान के साथ ब्लॉकबस्टर फिल्म 'पठान' में काम कर चुके हैं। दोनों की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक्शन और रोमांच का तड़का लगाने की तैयारी में है। फिल्म की एक और खास बात यह है कि इसमें शाहरुख खान पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। 'किंग' में शाहरुख और सुहाना के अलावा कई दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, अनिल कपूर, जयदीप अहलावत, राघव जुयाल और सौरभ शुक्ला जैसे नाम शामिल हैं। इतने बड़े कलाकारों के एक साथ आने से फिल्म को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है।
क्रिसमस पर दस्तक देगी फिल्म
शाहरुख खान की 'किंग' 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म को क्रिसमस की छुट्टियों का फायदा मिल सकता है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसे हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों से भी मुकाबला करना पड़ सकता है। फिलहाल 175 करोड़ रुपये की डील ने फिल्म को रिलीज से पहले ही चर्चा का केंद्र बना दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि शाहरुख खान का स्टारडम बॉक्स ऑफिस पर इस बड़े कारोबारी दांव को कितना सफल बना पाता है।