BJP Reaction On INDIA Bloc Rally : दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आज यानी 01 नवंबर 2026 को विपक्षी इंडिया ब्लॉक की आयोजित महारैली पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जोरदार हमला बोला है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस और राहुल गांधी के दावों की धज्जियां उड़ाईं। पात्रा ने रामलीला मैदान के लाइव वीडियो और तस्वीरें दिखाते हुए विपक्षी नेताओं द्वारा किए जा रहे 10 लाख लोगों के जुटने के दावे पर गंभीर सवाल उठाए। पात्रा ने कहा कि कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने रैली में रिकॉर्ड भीड़ पहुंचने की बातें कही थीं, लेकिन रामलीला मैदान से सामने आई तस्वीरें और वीडियो कांग्रेस के इन हवाई दावों का बिल्कुल उल्टा सच बयां कर रही हैं।
संबित पात्रा ने गणित समझाकर खोली दावों की पोल
बीजेपी नेता संबित पात्रा ने रामलीला मैदान के क्षेत्रफल और वहां की व्यवस्थाओं का पूरा ब्योरा मीडिया के सामने रखा। संबित पात्रा के अनुसार रामलीला मैदान 10 से 12 एकड़ के क्षेत्र में फैला है। इस पूरे मैदान का करीब 15 फीसदी हिस्सा मुख्य मंच (स्टेज) और उसके ठीक आगे बनाए गए डी-जोन की सुरक्षा में इस्तेमाल हुआ था। उन्होंने बताया कि स्टेज और डी-जोन के अलावा मैदान का लगभग 40 फीसदी हिस्सा पूरी तरह खाली पड़ा दिखाई दे रहा था। इस बड़े हिस्से में न तो सीटें लगाई गई थीं और न ही वहां कोई समर्थक या आम जनता मौजूद थी। बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि पूरी रैली के लिए मैदान में कुल 28 हजार कुर्सियां लगाई गई थीं। वीडियो का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इसमें से 5000 से 7000 कुर्सियां पूरी तरह खाली पड़ी थीं। वीडियो में जो सफेद-सफेद पैच दिखाई दे रहे थे, वे वास्तव में खाली पड़ी कुर्सियों के ही थे। पात्रा ने बताया कि बीजेपी की ओर से जारी किया गया यह वीडियो दोपहर साढ़े तीन से चार बजे के बीच का है, जब रैली अपने चरम पर थी। मैदान में आगे की तरफ तो कुछ लोग बैठे थे, लेकिन बीच के हिस्से और पीछे के पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ दिखाई दे रहा था।
वोट काट दिया के दावे पर भी कसा तंज
संबित पात्रा ने कांग्रेस पार्टी द्वारा 10 लाख लोगों के जुटने की घोषणा का मजाक उड़ाते हुए कहा कि राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस इतनी बड़ी संख्या का ढोल पीट रही थी। अगर सच में 10 लाख लोग आ रहे थे तो वे रामलीला मैदान में कहां गायब हो गए और दिखाई क्यों नहीं दिए? कांग्रेस के पुराने वोट काट दिया वाले बयानों पर तंज कसते हुए संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस को अब अपने मंचों से यह देखना चाहिए कि वास्तव में कितने लोग उनकी रैली में नहीं आए, कितने लोग रास्ते से ही कहीं और चले गए और वास्तव में वहां कितने लोग पहुंचे थे।
ट्रिक फोटोग्राफी के जरिए भीड़ दिखाने का आरोप
बीजेपी नेता ने कांग्रेस पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी रैलियों में बड़ी भीड़ दिखाने के लिए ट्रिक फोटोग्राफी और एंगल का सहारा लेती है। उन्होंने कहा कि चुनिंदा फ्रेम और एंगल की तस्वीरों के जरिए यह साबित करने की कोशिश की जाती है कि लाखों की संख्या में जनसैलाब पहुंचा है। लेकिन जब पूरे रामलीला मैदान का पूरा वाइड व्यू और असली तस्वीर सामने आती है तो पूरा सच जनता के सामने आ जाता है। संबित पात्रा ने अंत में दोहराया कि 10 लाख का दावा करने वाली कांग्रेस की रैली की असलियत खुद रामलीला मैदान के खाली पड़े हिस्से उजागर कर रहे हैं।