Jio IPO allotment Status : रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल शाखा जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO को लेकर निवेशकों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। 3 दिनों तक खुले इस आईपीओ को बाजार से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। आपने भी इस इश्यू के लिए बोली लगाई है तो आज अलॉटमेंट स्टेटस फाइनल होने जा रहा है। आप घर बैठे आसानी से यह जान सकते हैं कि आपको शेयर मिले हैं या नहीं। 

रिकॉर्ड ₹7.4 लाख करोड़ से अधिक की बोली

Jio IPO को लेकर निवेशकों में भारी उत्साह देखने को मिला। तीन दिन की सब्सक्रिप्शन अवधि के दौरान 22.19 गुना बोली हासिल हुई।

कुल बोलियां : एंकर निवेशकों और पब्लिक इश्यू मिलाकर 7.4 लाख करोड़ से अधिक का निवेश प्रस्ताव मिला।

कुल आवेदन : कंपनी की डिजिटल सेवाओं पर भरोसा जताते हुए 1.39 करोड़ निवेशकों ने आवेदन किए।

पब्लिक इश्यू का हाल : एंकर पोर्शन को छोड़ दें तो सिर्फ पब्लिक इश्यू में ₹4.9 लाख करोड़ से अधिक की बोलियां आईं।

खुदरा निवेशक : रिटेल कैटेगरी में भी लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और ₹25867 करोड़ से ज्यादा की राशि लॉक की।

शेयर नहीं मिले तो कब आएगा रिफंड?

अलॉटमेंट की प्रक्रिया शेयरों की कुल संख्या और मांग के हिसाब से पूरी की जाती है।

रिफंड की तारीख : जिन निवेशकों को शेयर अलॉट नहीं हो पाएंगे, उनका पैसा मंगलवार, 27 अक्टूबर से बैंक खातों में वापस लौटना शुरू हो जाएगा।

शेयरों का क्रेडिट : जिन्हें शेयर अलॉट हो जाएंगे, उनके डीमैट अकाउंट में 27 अक्टूबर को ही शेयर ट्रांसफर कर दिए जाएंगे।

लिस्टिंग की तारीख : कंपनी के शेयर बुधवार को शेयर बाजारों (BSE और NSE) पर लिस्ट होंगे।

क्या संकेत दे रहा आज का GMP?

  • ग्रे मार्केट में जियो आईपीओ का आज का प्रीमियम (GMP) ₹247 चल रहा है। आईपीओ का अपर प्राइस बैंड ₹1119 तय किया गया है।
  • पिछले 22 कारोबारी सत्रों के दौरान इसका जीएमपी ₹148 से ₹273 के दायरे में घूमता रहा है।
  • इससे स्पष्ट होता है कि निवेशक इस शेयर को लेकर काफी उत्सुक हैं, हालांकि बाजार के माहौल के साथ उनकी उम्मीदों में उतार-चढ़ाव भी देखा गया है।

ध्यान दें : जीएमपी बाजार के अनौपचारिक रुझानों पर आधारित होता है। यह शेयर की वास्तविक लिस्टिंग कीमत की गारंटी नहीं देता है।

कितने मुनाफे की उम्मीद?

अनलिस्टेड मार्केट के आंकड़ों और मौजूदा जीएमपी ट्रेंड के आधार पर शेयर ₹1366 के आसपास लिस्ट हो सकते हैं। इसका मतलब है कि इश्यू प्राइस 1119 रुपए के मुकाबले निवेशकों को लिस्टिंग के दिन 22.07% का शानदार मुनाफा मिल सकता है।

ऐसे चेक करें अलॉटमेंट स्टेटस 

निवेशक अपने आवेदन का स्टेटस तीन अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर चेक कर सकते हैं:

1. आधिकारिक रजिस्ट्रार KFin Technologies के जरिए:

  • सबसे पहले KFintech के ऑफिशियल पोर्टल (https://ris.kfintech.com](https://ris.kfintech.com) पर जाएं।
  • IPO Status पर क्लिक करें।
  • ड्रॉपडाउन मेन्यू में जाकर Jio Platforms IPO का नाम चुनें। (यह ऑप्शन अलॉटमेंट प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिखने लगेगा।)
  • अब PAN Number, Application Number या Demat Account Number में से किसी एक को सिलेक्ट करें।
  • चुना गया विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज करें।
  • इसके बाद Submit पर क्लिक कर दें। आपका स्टेटस स्क्रीन पर दिख जाएगा।

2. BSE की वेबसाइट से:

  • बीएसई के आधिकारिक आईपीओ स्टेटस पेज पर जाएं।
  • इश्यू टाइप में Equity का विकल्प चुनें।
  • लिस्ट में से Jio Platforms IPO का चुनाव करें।
  • एप्लीकेशन नंबर या पैन नंबर भरें।
  • सर्च/ सबमिट पर क्लिक करके अपना अलॉटमेंट स्टेटस देख लें।

3. NSE की वेबसाइट से:

  • एनएसई के ऑफिशियल आईपीओ बिड डिटेल्स पेज पर विजिट करें।
  • Equity & SME IPO bid details के ऑप्शन पर जाएं।
  • लिस्ट में से जियो प्लेटफॉर्म्स के इश्यू को सिलेक्ट करें।
  • पैन नंबर या एप्लीकेशन नंबर दर्ज करें।
  • जानकारी सबमिट करते शेयर आवंटन की स्थिति आपके सामने आ जाएगी।