इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का आदेश मिला था। अगस्त क्रांति मैदान में CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन में इमरान खान देखे गए थे। मुंबई पुलिस ने इस दौरान एक्टर को डिटेन भी किया था। इमरान खान की इस हरकत से मुंबई पुलिस इतना भड़क गई कि बात इमरान खान की नागरिकता पर आ गई। ऐसे में एक्टर को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस थमा दिया गया। अब इस मामले में एक नया अपडेट सामने आया है। इमरान खान को इस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट से थोड़ी राहत मिल गई है।
इमरान खान को मिली कोर्ट से राहत
दरअसल, बॉम्बे हाईकोर्ट ने इमरान खान को अंतरिम राहत दी है। भारत छोड़ो नोटिस के खिलाफ इमरान ने कोर्ट में अपनी याचिका दायर की थी और इस पर आज सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद कोर्ट ने फिलहाल भारत छोड़ो नोटिस पर रोक लगा दी है। अगली सुनवाई यानी 2 नवंबर तक इस फैसले को टाल दिया गया है, यानी इमरान के भारत छोड़ो नोटिस पर अभी के लिए रोक लगा दी गई है। आपको बता दें, केंद्र सरकार ने इस मामले में एक्टर को आश्वासन और मौखिक गारंटी दी है। अब इस केस की अगली सुनवाई 2 नवंबर की दोपहर 3 बजे की तय हुई है।
क्या है मामला?
आपको बता दें, ये सब इसलिए हो रहा है क्योंकि इमरान खान एक विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इस बात पर भाजपा नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने आपत्ति जताई और केंद्रीय गृह मंत्रालय और इमिग्रेशन अधिकारियों को लेटर लिखकर एक्शन की मांग की थी। एक्टर के खिलाफ एक्शन इसलिए लिए गया क्योंकि उनके पास भारत की नागरिकता नहीं है। इमरान खान का जन्म अमेरिका में हुआ था और उनके पास अमेरिकी पासपोर्ट है।
क्यों विवाद में फंसे इमरान खान?
ऐसे में भारत के नागरिक न होने के कारण इमरान खान के पास भारत में चल रहे किसी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अनुमति नहीं है। एक्टर ने ऐसा करके एक अहम नियम का उल्लंघन किया है। इमरान खान पर इस मामले में इमिग्रेशन एक्ट के तहत कार्रवाई हुई और बाद में एक्टर ने दावा किया कि वो प्रोटेस्ट में शामिल होने नहीं गए थे। एक्टर के मुताबिक, वो वहां से गुजर रहे थे और पुलिस ने उन्हें डिटेन कर लिया।