'बिग बॉस 20' में इस हफ्ते इमोशंस का रोलर कोस्टर देखने को मिला। घर में कई रिश्ते टास्क के दौरान बिगड़ते हुए नजर आए। यंग डीएसए का दिल कुछ इस कदर टूटा कि वो न सिर्फ शांत हो गए हैं, बल्कि बिलख-बिलखकर रोते हुए भी नजर आए हैं। इस शो में यंग डीएसए ने माही विज को अपनी बहन बोला है और मां का भी दर्जा दिया है। वहीं, एमसी मैरी कॉम ने माही पर आरोप लगाया कि उन्होंने यंग की पीठ पीछे उन्हें गाली दी हैं। ये सुनकर यंग टूट चुके हैं और उन्होंने माही को बायकॉट कर दिया है। अब इस मामले पर सलमान खान अपनी टिप्पणी देने वाले हैं। 

माही विज का सच आज आएगा सामने 

माही विज कई दिनों से लगातार ये बात कहती हुई नजर आ रही हैं कि उन्होंने यंग डीएसए को कोई गाली नहीं दी है और मैरी कॉम झूठ बोल रही हैं। हालांकि, कोई भी उनकी बात पर विश्वास नहीं कर रहा। यंग का पूरा ग्रुप इस वक्त माही से नाराज है और सभी मैरी कॉम की बात पर ही विश्वास कर रहे है। इस बात से यंग इतने प्रभावित हो रहे हैं कि अब सलमान खान को खुद सामने आकर सच्चाई बतानी पड़ेगी। 

सलमान देंगे माही को क्लीन चिट 

इस वीकेंड का वार पर सलमान खान खुद माही पर लगे इस आरोप पर खुलकर बात करते हुए नजर आएंगे। आज शो में एक टास्क होगा, जिसका नाम है-'सच की टोपी।' इसे सलमान माही को पहनाएंगे और उनसे सवाल करेंगे कि क्या उन्होंने यंग को गाली दी थी? जिसके जवाब में माही ना कहेंगी और ईशा रिखी भी माही की स्टेटमेंट से सहमति जताएंगी। इसके बाद सलमान खुद यंग को सच बताएंगे कि माही ने उन्हें गाली नहीं दी थी। सलमान इस एपिसोड में माही को क्लीन चिट देने वाले हैं। वो ये साफ कर देंगे कि माही ने यंग को नहीं बल्कि सिचुएशन को गाली दी थी। 

माही विज होंगी इमोशनल 

अब सलमान खान के क्लीन चिट देने से माही पर लगा आरोप तो झूठा साबित हो जाएगा, लेकिन यंग और उनका रिश्ता पहले जैसा होगा या नहीं ये तो आने वाले वक्त में ही पता चलेगा। फिलहाल अपने ऊपर लगे इस आरोप से मुक्त होने के बाद माही एपिसोड में काफी इमोशनल होने वाली हैं। वो सलमान के सामने आंसू बहाते हुए दिखाई देंगी। उन्हें आज इंसाफ मिल जाएगा और दर्शकों को खूब ड्रामा देखने को मिलेगा।