शाहरुख खान एक बार फिर सिनेमाघरों में तहलका मचाने के लिए तैयार हैं। 'डंकी' के बाद अब शाहरुख खान की एक और बड़ी फिल्म रिलीज होने वाली है। 3 साल बाद शाहरुख खान का पर्दे पर कमबैक होने वाला है। अब उनकी फिल्म 'किंग' का नया पोस्टर भी सामने आ गया है। कुछ देर पहले मेकर्स ने 'किंग' का नया ऑफिशियल पोस्टर जारी किया है। इस पोस्टर में शाहरुख खान के लुक की काफी चर्चा हो रही है। पोस्टर देखकर लग रहा है कि फिल्म में धमाकेदार एक्शन होने वाला है और साथ ही किंग खान का एक अलग स्टाइल भी नजर आएगा।
'किंग' के पोस्टर में क्या दिखा?
फिल्म के पोस्टर की बात करें तो इसमें शाहरुख खान थोड़े घायल नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे और सिर से खून टपक रहा है और चेस्ट और हाथों पर भी चोटें दिखाई दे रही हैं। शाहरुख खान इस पोस्टर में मुंह में गुलाब दबाए, हाथ में गन थामे हुए नजर आ रहे हैं। ग्रे हेयर और आंखों इंटेंसिटी देखकर फैंस भी इम्प्रेस हो गए हैं। पीछे चारों तरफ आग लगी हुई है और शाहरुख खान हीरो स्टाइल में वाक करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। इस पोस्टर को देख समझ आ रहा है कि फिल्म में शाहरुख खान जबरदस्त एक्शन मोड़ में नजर आएंगे।
कातिल नहीं आशिक बने शाहरुख खान
शाहरुख खान के इस गैंगस्टर लुक के चर्चे अब पूरे इंटरनेट पर हो रहे हैं। इस पोस्टर को शेयर करते हुए मेकर्स ने कैप्शन में लिखा, 'आज फिर याद आया... कातिल नहीं... आशिक हूं... #King।' आपको बता दें, शाहरुख खान की 'किंग' इस साल 24 दिसंबर को रिलीज होगी। अब पोस्टर देखकर फैंस की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं। इस पर फैंस अपना प्यार लुटा रहे हैं। 3 साल बाद फिर से शाहरुख खान को स्क्रीन पर देखने के लिए फैंस की एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर हैं।
'किंग' की स्टारकास्ट
आपको बता दें, ये फिल्म शाहरुख खान के लिए बेहद स्पेशल होने वाली है। एक तो 3 साल बाद एक्टर की वापसी हो रही है और दूसरा इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी। बाप-बेटी इस फिल्म में स्क्रीन शेयर करने वाले हैं। इन दोनों के अलावा 'किंग' में दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी, अभय वर्मा, जयदीप अहलावत, राघव जुयाल और रानी मुखर्जी जैसे सेलेब्स भी नजर आएंगे।